झारखंड स्थापना दिवस पर ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’, स्वच्छता के लिए दौड़े शहरवासी

जमशेदपुर : झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर जिला प्रशासन की ओर से आयोजित ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। साकची के महाराणा प्रताप चौक से सुवर्णरेखा घाट तक आयोजित इस दौड़ में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और उपायुक्त राजीव रंजन समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सार्वजनिक स्थलों और नदियों के संरक्षण का संदेश देना था।


कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। दौड़ के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सुवर्णरेखा छठ घाट पर श्रमदान कर सफाई की। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और सभी ने कचरे का उचित निस्तारण करने तथा सार्वजनिक स्थलों, नदी-घाटों और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की शपथ ली। उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जनभागीदारी के बिना स्वच्छ समाज की कल्पना अधूरी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
विधायक सरयू राय ने कहा कि स्वच्छता अभियान को एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय जन-आंदोलन बनाना जरूरी है। वहीं, विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता से है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचता है।


