दुर्गापूजा में टाटा मोटर्स और टाटा कमिंस का ड्यूटी शेड्यूल जारी, 18 अक्टूबर को काम और 20-21 को छुट्टी

जमशेदपुर : दुर्गापूजा और विजयादशमी को लेकर टाटा मोटर्स और टाटा कमिंस के जमशेदपुर प्लांट में कामकाज और छुट्टियों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। दोनों कंपनियों में रविवार, 18 अक्टूबर को सामान्य दिनों की तरह काम होगा, जबकि 20 और 21 अक्टूबर को प्लांट बंद रहेंगे। टाटा मोटर्स प्रबंधन के अनुसार, रविवार को ड्यूटी करने के बदले कर्मचारियों को अवकाश देने की तारीख बाद में घोषित की जाएगी। वहीं, टाटा कमिंस प्राइवेट लिमिटेड ने व्यावसायिक जरूरतों को देखते हुए 18 अक्टूबर को सभी कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की है। इस दिन काम करने वाले एसोसिएट्स, जेएसएम और फ्लेक्सी कर्मचारियों को एक दिन का अतिरिक्त वेतन मिलेगा, जबकि एक्सेम्प्ट और जेएम कर्मचारियों को अगले 60 दिनों के भीतर एक दिन का कम्पेन्सेटरी ऑफ दिया जाएगा।


टाटा कमिंस में 20 अक्टूबर को विजयादशमी की छुट्टी रहेगी, जबकि 21 अक्टूबर का अवकाश 20 सितंबर को किए गए काम के बदले दिया जाएगा। दूसरी ओर, दुर्गापूजा के कारण टाटा मोटर्स की कंपनी बस सेवा 17 से 19 अक्टूबर तक प्रभावित रहेगी। प्रबंधन के सर्कुलर के अनुसार, इन तीन दिनों में केवल चुनिंदा क्षेत्रों के कर्मचारियों को ही बस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
टाटा मोटर्स की बस सेवा टेल्को कॉलोनी, लक्ष्मीनगर, जेम्को, नीलडीह, ग्वाला बस्ती, मनीफिट, रामादीन बागान, मिश्रा बागान और गोविंदपुर के कर्मचारियों के लिए उपलब्ध रहेगी। इन क्षेत्रों के अलावा अन्य इलाकों में रहने वाले कर्मचारियों को अपनी निर्धारित शिफ्ट के अनुसार ड्यूटी पर आने-जाने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।


