दुर्गापूजा के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम शुरू, 19 से 21 अक्तूबर तक कई मार्गों पर नो-एंट्री

घाटशिला : दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन ने शनिवार से अनुमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्ष शुरू कर दिया है। यह कंट्रोल रूम 21 अक्तूबर, विजयादशमी तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। पूजा के दौरान किसी भी समस्या, आपात स्थिति या अप्रिय घटना की सूचना हेल्पलाइन नंबर 06585-298900 पर दी जा सकती है। नियंत्रण कक्ष का प्रभारी नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार को बनाया गया है, जबकि उनके सहयोग के लिए धालभूमगढ़ अंचल के सीआइ आलोक गुप्ता को प्रतिनियुक्त किया गया है। अधिकारियों और कर्मियों की ड्यूटी तीन पालियों में लगाई गई है। पहली पाली सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे, दूसरी दोपहर दो बजे से रात 10 बजे और तीसरी रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक होगी।


श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने 19 से 21 अक्तूबर तक प्रतिदिन शाम पांच बजे से चिह्नित मार्गों पर नो-एंट्री लागू करने का निर्देश दिया है। इसके तहत दाहीगोड़ा सर्कस मैदान, विशाल मेगा मार्ट के समीप, काटिंगपाड़ा स्थित होमियो केयर और घाटशिला कॉलेज के पास चिह्नित स्थानों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा। इन जगहों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है, ताकि भीड़ प्रबंधन के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
एसडीओ ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूजा के दौरान गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों और पूजा समितियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और दुर्गापूजा को आपसी सौहार्द तथा शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है।


