दुर्गा पूजा पंडालों को बनाया गया नो स्मोकिंग जोन, तंबाकू सेवन और बिक्री पर होगी कार्रवाई

जमशेदपुर : शारदीय नवरात्र के दौरान जिले के छोटे-बड़े प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में तंबाकू और धूम्रपान के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया गया है. अभियान के नोडल पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धाउड़िया के अनुसार, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पूजा समितियों के संयुक्त प्रयास से प्रत्येक पूजा पंडाल परिसर को नो स्मोकिंग जोन घोषित किया गया है. श्रद्धालुओं को जागरूक करने के लिए पंडालों में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से सिगरेट, बीड़ी और गुटखा के सेवन से कैंसर तथा फेफड़ों की गंभीर बीमारियों के खतरों की जानकारी दी जा रही है.

पोस्टरों के जरिए पैसिव स्मोकिंग से बच्चों और गर्भवती महिलाओं पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों के प्रति भी लोगों को सचेत किया जा रहा है. इसके अलावा भीड़भाड़ वाले पंडालों में धूम्रपान से आग लगने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के उपाय किए गए हैं. कोटपा कानून के तहत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों की निगरानी की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों को नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
पूजा पंडालों के प्रमुख स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने पर आर्थिक दंड की चेतावनी वाले बोर्ड भी लगाए गए हैं. प्रशासन के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल परिसर और आसपास के क्षेत्र को तंबाकू मुक्त रखा जाएगा. पंडाल परिसर में धूम्रपान करने या तंबाकू उत्पादों की बिक्री का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


