आदिशक्ति मां दुर्गा की चैतन्य झांकी देखने उमड़े हजारों श्रद्धालु, एसएसपी ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर : शारदीय नवरात्र के अवसर पर रविवार को न्यू सिदगोड़ा सिनेमा मैदान में ब्रह्माकुमारीज साकची की ओर से आदिशक्ति मां दुर्गा की चैतन्य झांकी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जमशेदपुर के एसएसपी ने किया. मां दुर्गा के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे और सुख-समृद्धि की कामना की. आयोजन स्थल पर भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल रहा. इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मन मोह लिया.


कार्यक्रम में चंद्रगुप्त सिंह, मिस एशिया ज्योत्स्ना सरकार, माधुरी यूनिफॉर्म के प्रदीप और संजय कुमार पोद्दार सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए. अतिथियों ने मां दुर्गा की आरती कर श्रद्धा अर्पित की और ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक आयोजन की सराहना की. इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज की सुधा दीदी ने बताया कि चैतन्य झांकी का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागृति लाने के साथ सकारात्मक सोच, नारी शक्ति के सम्मान तथा नैतिक और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति लोगों को जागरूक करना है. उन्होंने मां दुर्गा के स्वरूप को शक्ति, साहस और सकारात्मकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि आयोजन के माध्यम से आत्मिक शांति और आध्यात्मिक चिंतन का संदेश दिया गया.
आयोजन को सफल बनाने में ब्रह्माकुमारीज साकची की प्रभारी और ईश्वरीय परिवार के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उपस्थित अतिथियों, श्रद्धालुओं, पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया.


