भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की हत्या कर विमान क्रैश करने की थी कथित योजना, जांच में सामने आए नए दावे

दुबई : दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने के आरोपी ओमानी मूल के को-पायलट हमाम अल-हम्मामी को लेकर जांच में नए दावे सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर पहले स्मित मच्छार को कॉकपिट में मारकर विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने और फिर उसे तेल अवीव के बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट की इमारतों, रनवे पर खड़े विमानों या शहर की किसी गगनचुंबी इमारत से टकराने की योजना बनाई थी। खबर में दावा किया गया है कि हम्मामी ने एयरलाइन में शामिल होने से पहले ही हमले की योजना तैयार की थी और इजरायल के लिए सीधी उड़ान संचालित करने वाली एयरलाइंस के बारे में जानकारी जुटाई थी।


रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी ने एक वैकल्पिक योजना भी तैयार की थी। यदि वह इजरायली हवाई क्षेत्र तक नहीं पहुंच पाता, तो कथित तौर पर विमान को जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे से टकराने की योजना थी। खबर में दावा किया गया है कि वह जुलाई में ही इस कथित आत्मघाती हमले को अंजाम देना चाहता था, लेकिन क्रू के एक सदस्य से दोस्ती होने के कारण उसने उस समय योजना टाल दी। घटना के दौरान हम्मामी पर विमान में आपात स्थिति के लिए रखी कुल्हाड़ी से स्मित मच्छार के सिर और हाथ पर हमला करने का आरोप है। इसके बाद कथित तौर पर कंट्रोल स्टिक से छेड़छाड़ और दोनों इंजन बंद कर विमान को क्रैश करने की कोशिश की गई। घायल मच्छार ने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद यात्री और क्रू मेंबर्स अंदर पहुंचे और विमान को सुरक्षित उतारा गया।
इजरायली अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि हम्मामी ने अकेले इस कथित हमले की योजना बनाई थी या उसका किसी आतंकी समूह से संबंध था। रिपोर्ट के मुताबिक, हम्मामी पहले ओमान एयर में काम करता था, लेकिन इस्लामिक चरमपंथ के करीब माने जाने वाले विचारों के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बावजूद करीब आठ महीने पहले उसे फ्लाईदुबई ने नौकरी पर रखा था। मामले की जांच अभी जारी है।


