चाकू हमले के बाद भी विमान संभालते रहे भारतीय पायलट स्मित मच्छार, ट्रंप ने बताया ‘हीरो’

रियाद : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार को ‘हीरो’ बताया है। ट्रंप के अनुसार दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में सह-पायलट ने कॉकपिट में स्मित मच्छार पर चाकू से हमला किया। घायल होने के बावजूद मच्छार ने मदद के लिए आवाज लगाई और विमान को सुरक्षित रखने में भूमिका निभाई। बाद में एक यात्री और अन्य लोगों ने कॉकपिट में पहुंचकर सह-पायलट को काबू किया और विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

ओवल ऑफिस में ट्रंप ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और शुरुआती सूत्रों से मिली है तथा वह खुद इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर रहे हैं। उनके मुताबिक एक इजरायली यात्री कॉकपिट में पहुंचा और सह-पायलट को उसकी सीट से हटाया, जिसके बाद अन्य यात्रियों, अतिरिक्त पायलट और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभाली। नेतन्याहू ने भी मच्छार को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए पायलट, चालक दल और यात्रियों की कार्रवाई की सराहना की।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि घायल भारतीय पायलट स्मित मच्छार का तबुक के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। दूतावास उनके परिवार और सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है तथा उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है।


