सुरक्षा गार्ड हटाने के फैसले से मचा सियासी हलचल, वित्त मंत्री ने बताई वजह

रांची : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपने सरकारी आवास से सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और उनके लिए उपलब्ध कराए गए वाहनों को वापस भेज दिया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े व्यावहारिक मुद्दों और संबंधित विभागों की उदासीनता के कारण यह निर्णय लिया गया है। मंत्री का कहना है कि उन्होंने पहले अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।


उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह कदम राज्य सरकार या मुख्यमंत्री के खिलाफ नहीं है, बल्कि व्यवस्था में मौजूद कमियों की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए उठाया गया है। मंत्री ने कहा कि अब वह बिना सुरक्षा के ही आवागमन कर रहे हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर ईश्वर पर पूरा भरोसा है। इस फैसले के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।


