फर्जी दस्तावेजों से आदिवासी महिला के नाम पर रिम्स की जमीन की बिक्री का खुलासा, एसीबी की जांच में बड़ा घोटाला उजागर


रांची : रिम्स (Rajendra Institute of Medical Sciences) की जमीन से जुड़ा एक बड़ा जमीन घोटाला एसीबी की जांच में सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक अशिक्षित आदिवासी महिला के नाम का इस्तेमाल कर सरकारी जमीन की अवैध तरीके से बिक्री की गई। मामले में कई लोगों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है और एसीबी ने जांच तेज कर दी है।

जांच एजेंसी के अनुसार, जमीन की खरीद-बिक्री में कागजात में हेरफेर कर गलत तरीके से रिम्स की अधिग्रहित भूमि को निजी संपत्ति दिखाया गया और उसका लेन-देन किया गया। इस पूरे मामले में फर्जी वंशावली और दस्तावेजों का इस्तेमाल किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। इससे पहले भी इस जमीन से जुड़े कई अवैध कब्जों और लेन-देन की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
फिलहाल एसीबी पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश जारी है कि इस घोटाले में किन-किन लोगों और अधिकारियों की संलिप्तता रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारी और खुलासे की संभावना जताई जा रही है।


