रेल कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया

जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे सिविल डिफेंस की ओर से शनिवार को एमडीडीटीआई में रेलकर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सड़क सुरक्षा, गोल्डन ऑवर, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण में कैरेज एंड वैगन, इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग, कमर्शियल और लोको शेड के 70 रेलकर्मियों ने हिस्सा लिया।

सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना का असर केवल पीड़ित व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। दुर्घटना के बाद शुरुआती कुछ मिनट बेहद अहम होते हैं। इस दौरान प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता मिलने से घायल की जान बचाने और गंभीर परिणामों को कम करने में मदद मिल सकती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य रेलकर्मियों को सड़क दुर्घटना सहित अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक, प्रशिक्षित और जिम्मेदार बनाना है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे समय पर सहायता कर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाने में योगदान दे सकें।


