टाटा स्टील के अंदर बड़ा हादसा टला, ब्लाइंड मोड़ पर बस की चपेट में आई बाइक


जमशेदपुर : टाटा स्टील कंपनी परिसर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एलडी-2 गोलचक्कर सिग्नल के पास एक बस ने बाइक सवार कर्मचारी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कर्मचारी घायल हो गया, हालांकि समय रहते बाइक से कूद जाने के कारण उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, बस करीब 20 कर्मचारियों को छोड़ने के बाद सीआरएम गोलचक्कर की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान एलडी-3 आईईएम विभाग के कर्मचारी आरके प्रसाद बाइक से गलत दिशा से मोड़ पर पहुंच गए। ब्लाइंड स्पॉट होने के कारण बस चालक बाइक सवार को देख नहीं पाया और बाइक बस के नीचे जा घुसी। कर्मचारी ने तुरंत छलांग लगाकर खुद को बचाया, लेकिन उसके पैर में चोट आई.
घायल कर्मचारी को तुरंत ईस्ट प्लांट फर्स्ट एड सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। घटना के बाद कंपनी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।


