मगरमच्छों पर बम फेंककर वीडियो बनाया, सोशल मीडिया के चक्कर में युवक पर केस… वायरल से हड़कंप


कोटा : सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए एक युवक की खतरनाक हरकत सामने आई है, जिसमें उसने नदी में मौजूद मगरमच्छों पर सुतली बम फेंक दिया। घटना चंद्रलोही नदी की है, जहां बड़ी संख्या में मगरमच्छ चट्टानों पर धूप सेक रहे थे। युवक ने बम जलाकर नदी में फेंका, जिसके फटते ही मगरमच्छ इधर-उधर भागने लगे। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में पता चला है कि आरोपी स्थानीय क्षेत्र का रहने वाला है और उसने खुद ही यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था, जिसे कुछ ही घंटों में हजारों व्यूज मिल गए। शिकायत की जानकारी मिलने के बाद उसने वीडियो हटा दिया, लेकिन तब तक यह वायरल हो चुका था।

अधिकारियों के अनुसार मगरमच्छ संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आते हैं और उन्हें नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है। दोष साबित होने पर आरोपी को 3 से 7 साल तक की सजा और जुर्माना हो सकता है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं और आरोपी की भूमिका की पूरी पड़ताल की जा रही है।


