पुरी में इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मंजूरी, 27.887 हेक्टेयर जमीन उपयोग की अनुमति—बड़ी पहल


पुरी : ओडिशा के पुरी में प्रस्तावित श्री जगन्नाथ इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना को केंद्र सरकार से बड़ी मंजूरी मिली है। प्रोजेक्ट के लिए 27.887 हेक्टेयर वन भूमि के उपयोग की प्रथम चरण (स्टेज-1) स्वीकृति दी गई है, जिससे अब आगे के निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है। यह एयरपोर्ट राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पुरी जिले के सिपासरुबली और संधापुर क्षेत्र में विकसित किया जाएगा और इसे चरणबद्ध तरीके से तैयार किया जाना है। परियोजना का उद्देश्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच को आसान बनाना है, खासकर जगन्नाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए। इसके निर्माण से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सरकार के अनुसार यह परियोजना आने वाले समय में ओडिशा के लिए एक बड़ा एविएशन हब साबित हो सकती है। फिलहाल आगे की प्रक्रियाओं और अन्य जरूरी मंजूरियों पर काम जारी है, ताकि एयरपोर्ट निर्माण कार्य को जल्द शुरू किया जा सके।


