खेलो इंडिया में झारखंड का जलवा, हॉकी टीम ने जीता रजत पदक


रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 26 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में झारखंड की हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इस उपलब्धि में नवल टाटा हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया और टीम को फाइनल तक पहुंचाया।

अकादमी के आठ खिलाड़ी—नवीन केरकेट्टा, दिलबर बारला, दानियाल सोय, सिमोन बोदरा, सेम मुंडा, भीमसेन किस्कू, जुनुल पुर्ती और जयमसीह टुटी—ने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में झारखंड का सामना मजबूत ओडिशा टीम से हुआ, जहां टीम को कड़े संघर्ष के बाद 4-1 से हार का सामना करना पड़ा। झारखंड की ओर से एकमात्र गोल जयमसीह टुटी ने किया।
कोचिंग स्टाफ और अकादमी प्रबंधन ने इस सफलता को खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम बताया। इस उपलब्धि से राज्य में खेल प्रतिभाओं को नया उत्साह मिला है और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।


