भारत में स्टारलिंक एंट्री की आहट, मेघालय डील के बाद लॉन्च के संकेत… बढ़ी हलचल


नई दिल्ली : एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक की भारत में एंट्री अब करीब मानी जा रही है। कंपनी ने मेघालय सरकार के साथ एक अहम समझौता किया है, जिसके बाद देश में इसकी सेवा जल्द शुरू होने के संकेत मिले हैं। इस डील के तहत दूरदराज और दुर्गम इलाकों में सैटेलाइट के जरिए हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे कनेक्टिविटी की समस्या दूर करने की कोशिश की जाएगी.

इस साझेदारी के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों को बेहतर इंटरनेट सुविधा मिलने की उम्मीद है। मेघालय जैसे पहाड़ी राज्यों में पारंपरिक नेटवर्क पहुंचाना मुश्किल रहा है, ऐसे में स्टारलिंक की तकनीक को समाधान के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि, देशभर में सेवा शुरू करने से पहले कंपनी को स्पेक्ट्रम आवंटन और अन्य नियामकीय प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। बताया जा रहा है कि ट्रायल और जरूरी तैयारियां जारी हैं और आने वाले समय में इसकी आधिकारिक लॉन्चिंग का ऐलान किया जा सकता है।


