गैस मास्क पहनकर पहुंचे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा


नई दिल्ली:संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान बुधवार को कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी के ‘भौं-भौं’ वाले बयान के साथ-साथ कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी चर्चा में रहे.दिल्ली और एनसीआर गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में हैं। मंगलवार रात और बुधवार सुबह तक कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया, जो कि ‘गंभीर’ श्रेणी मानी जाती है। प्रदूषण स्तर बढ़ने से राजधानी और आसपास के शहरों में धुंध, सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायतें तेजी से बढ़ी हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार नोएडा में AQI 395 तक दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली के अधिकांश मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा “Very Poor” से “Hazardous” श्रेणी में बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान गिरने, हवा की गति धीमी होने और प्रदूषण स्रोतों के सक्रिय रहने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। दिल्ली के जहरीले वायु प्रदूषण के खिलाफ विरोध जताने के लिए आज दीपेंद्र सिंह हुड्डा संसद परिसर में गैस मास्क पहनकर पहुंचे. दीपेंद्र सिहं हुड्डा से जब गैस मास्क को लेकर सवाल किये गए, तो उन्होंने कहा कि हरियाणा और दिल्ली में लोग सांस नहीं ले पा रहे हैं. इसे लेकर संसद में चर्चा होनी चाहिए. कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, ‘वायु प्रदूषण जानलेवा हो चुका है. वायु प्रदूषण पर मैंने कार्य स्थगन प्रस्ताव दिया है. सभी मुख्यमंत्रियों को बुलाकर वायु प्रदूषण से छुटकारा पाने के लिए एक परियोजना देश के सामने रखी जाए. हरियाणा और दिल्ली में लोग सांस नहीं ले पा रहे. ये हर साल की स्थिति हो गई है. नवंबर आते-आते दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण की समस्या शुरू हो जाती है. तब सभी इसे लेकर चिंता व्यक्त करते हैं, लेकिन फरवरी आते-आते इसे भूल जाते हैं. हमें इस मुद्दे को गंभीतर से लेना चाहिए और इससे निपटने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए.’ उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री एनसीआर और देश के सभी मुख्यमंत्रियों को बुलाकर इसपर चर्चा करें और एक ठोस परियोजना बजट के साथ देश के सामने रखें।




