होटल में कथित देह व्यापार का खुलासा, 3 युवतियों समेत 12 गिरफ्तार

रांची : कचहरी रोड स्थित होटल कॉरिंथिया में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 युवतियों और 9 युवकों समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई युवतियां पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि होटल मालिक और मैनेजर युवतियों को बाहर से लाकर उनसे जबरन देह व्यापार करवा रहे थे। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस ने शनिवार देर रात लालपुर और कोतवाली थाना क्षेत्रों के आधा दर्जन से अधिक होटल और बार में औचक जांच अभियान चलाया था। इसी दौरान कॉरिंथिया होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर जांच की गई और होटल के कमरों से आरोपियों को पकड़ा गया।


पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि युवतियों को खाने-पीने और रहने की सुविधा के साथ अलग से राशि दी जाती थी। पुलिस के अनुसार, होटल मालिक और मैनेजर ग्राहकों को व्हाट्सऐप पर युवतियों की तस्वीरें भेजते थे। इसके बाद रेट तय होने पर होटल का पता भेजा जाता था और राशि लेने के बाद ग्राहकों को कमरे में भेजा जाता था। प्रति घंटा और रातभर के लिए अलग-अलग रेट रखे गए थे और लेनदेन ऑनलाइन भी होता था। पुलिस फरार होटल मालिक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार मामले की जांच जारी है। होटल के दस्तावेज, कमरों की बुकिंग और मोबाइल से मिली जानकारी के आधार पर कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने शहर के अन्य होटल और बार को भी जांच के दायरे में लिया है। जांच के दौरान कई जगह निर्धारित समय के बाद भी बार खुले मिलने और शराब व हुक्का परोसे जाने की बात सामने आई। पुलिस ने लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की।


