आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला पुलिसकर्मी से 10.83 लाख रुपये वसूलने का आरोप

खगड़िया : पसराहा थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में महिला पुलिसकर्मी ने आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 10.83 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक वर्ष 2022 में पटना में पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान दुधैला गांव निवासी अमन राज से हुई थी। महिला का आरोप है कि वर्ष 2023 में उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाकर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो तैयार किये गये। इसके बाद इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर रुपये लिये जाने लगे। वर्ष 2023 से 1 अप्रैल 2026 के बीच फोटो-वीडियो डिलीट करने के नाम पर UPI से कुल 8.83 लाख रुपये लिये जाने का आरोप है। बाद में मामला खत्म करने और फोटो-वीडियो डिलीट करने के नाम पर पटना बुलाकर दो लाख रुपये और लिये जाने की बात शिकायत में कही गयी है।


महिला पुलिसकर्मी के अनुसार केस करने की धमकी देने के बाद 3.90 लाख रुपये वापस किये गये, जबकि अभी 6.93 लाख रुपये बकाया हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि बकाया राशि मांगने पर उसे आपत्तिजनक फोटो-वीडियो गांव और समाज के लोगों को दिखाने तथा इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर बदनाम करने की धमकी दी गयी। शिकायत में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप हैं। महिला ने बैंक खाते और UPI लेन-देन का स्टेटमेंट, रसीद समेत अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। लगातार धमकी और दबाव से परेशान होकर उसने 6 जुलाई 2026 को कोरचक्का निवासी सतीश कुमार से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी कर ली, लेकिन शिकायत के मुताबिक इसके बाद भी अमन राज की ओर से कथित दबाव और धमकी जारी रही।
शिकायत में अमन राज और सतीश कुमार के करीबी होने तथा पटना जाकर कुछ बड़े नेताओं से मिलने-जुलने की बात भी कही गयी है, हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पसराहा पुलिस बैंक खातों, UPI लेन-देन और मोबाइल से जुड़े साक्ष्यों समेत सभी आरोपों की जांच कर रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गोगरी एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि अनुसंधान जारी है और जल्द पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस जांच के बाद ही शिकायत में लगाये गये आरोपों की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।


