टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 12वां आरोपी गिरफ्तार, बैंक खाते में मिले थे 50 हजार रुपये

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के पास हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया है। अमन नाम के आरोपी को रोहणा गांव से पकड़ा गया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 12 हो गई है। जांच में सामने आया है कि केस के एक अन्य आरोपी कुणाल ने अमन के बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके अलावा दूसरे बैंक खातों से भी उसके खाते में पांच-पांच हजार रुपये भेजे गए थे।

मुंबई क्राइम ब्रांच को अमन के खाते में संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली थी। हरियाणा पुलिस की क्राइम यूनिट, खरखौदा को भी इससे जुड़े इनपुट मिले थे। इसके बाद एएसआई वीरपाल की टीम ने अमन को गिरफ्तार किया। पुलिस अब पैसों के लेन-देन और फायरिंग की कथित साजिश में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। अमन को पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।
इस मामले में गिरफ्तार 11 अन्य आरोपियों को मुंबई की विशेष मकोका अदालत ने 6 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस ने 10 दिन की हिरासत मांगी थी। क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपियों की बातचीत से जुड़ी वॉयस चैट और अन्य डिजिटल सबूत मिले हैं। जांच एजेंसी हथियारों के स्रोत तथा कथित आर्थिक और लॉजिस्टिक मदद करने वालों की पहचान करने में जुटी है। गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार के पास बाइक सवार हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की थी। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गोली लगने से चोटें आई थीं। टाइगर दिवाली के बाद अपनी फिल्म ‘लग जा गले’ की शूटिंग कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोबारा शुरू करेंगे।


