सिमडेगा में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या, 19 साल का आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले में 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर को केरसई थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उसी दिन से किशोरी लापता थी। बुधवार को उसका शव गिरमा नदी के पास एक सुनसान इलाके में मिला। पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।


मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद गुरुवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रणवीर सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने किशोरी पर धोखा देने का शक होने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी ने फोन कर किशोरी को नदी किनारे मिलने के लिए बुलाया था। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर दुष्कर्म कर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को रेत से ढककर छिपाने की कोशिश की गई।


