सांढ़ के हमले में 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत

जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के उत्तरी पूर्वी गदड़ा (बीच टोला) में सांढ़ के हमले में 65 वर्षीय वृद्ध महिला रांधाय हेंब्रम (पति स्वर्गीय रामू हेंब्रम) की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.


जानकारी के अनुसार, रांधाय हेंब्रम अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं. इसी दौरान अचानक एक सांढ़ ने उन पर हमला कर दिया और कई बार वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. परिजनों और पड़ोसियों ने किसी तरह सांढ़ को वहां से खदेड़ा. घटना की सूचना मिलने पर मृतका के बेटे महावीर हेंब्रम उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
ग्रामीणों के अनुसार, सांढ़ के हमले की ऐसी घटना एक सप्ताह पहले भी हुई थी, जिसमें एक महिला घायल हो गई थी. घटना के बाद ग्रामीणों ने सांढ़ को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि परसुडीह-गदड़ा इलाके में आवारा सांढ़ का आतंक बना हुआ है और लगातार हमलों के बावजूद प्रशासन की ओर से पशुओं को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है.


