चक्रवात ‘अर्नब’ का असर कमजोर, जमशेदपुर में खुले स्कूल और सामान्य हुआ जनजीवन

जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद शहर में जनजीवन सामान्य होने लगा है. गुरुवार दोपहर के बाद मूसलाधार बारिश थम गई, हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रही. तूफान का खतरा कम होने के साथ ही लोगों ने राहत की सांस ली है.


चक्रवात और भारी बारिश की आशंका के कारण पिछले दो दिनों से बंद सभी सरकारी और निजी स्कूल शुक्रवार को फिर से खुल गए. सुबह से ही सड़कों पर स्कूली वाहनों और बच्चों की चहल-पहल दिखी. बाजारों, चौक-चौराहों और दफ्तरों में भी सामान्य गतिविधियां शुरू हो गई हैं.
मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) के अनुसार, चक्रवात ‘अर्नब’ गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर आगे बढ़ गया है और इसका प्रभाव काफी हद तक कमजोर हो चुका है. अगले 24 घंटों में जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं तथा कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन भारी बारिश का अनुमान नहीं है. शनिवार से आसमान साफ होने और धूप निकलने के आसार हैं. तापमान में हल्की गिरावट से सुबह और शाम ठंड का अहसास बढ़ सकता है. प्रशासन ने लोगों से जलजमाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है.


