ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार, 52.49 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

जमशेदपुर : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिदगोड़ा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 52.49 ग्राम ब्राउन शुगर, 10,400 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई थी।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतारामडेरा के बारीडीह बस्ती स्थित दिनकर पथ निवासी 35 वर्षीय अभिषेक भगत उर्फ सूरज गुप्ता, कपाली के रहमत नगर निवासी 20 वर्षीय मो. अरमान और आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती निवासी 20 वर्षीय देवेंद्र अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अभिषेक भगत के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं, मो. अरमान के खिलाफ बिष्टूपुर और मानगो थाना में पूर्व के आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। देवेंद्र अंसारी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही ब्राउन शुगर की आपूर्ति के स्रोत और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।


