स्कूल से छुट्टी लेकर निकला 18 वर्षीय छात्र 12 दिनों से लापता, परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार

बसिया : गुमला जिले के संत पात्रिक स्कूल का छात्र अर्पित सुरीन पिछले 12 दिनों से लापता है। तुरबुंगा पंचायत के किनिरकेला निवासी अलेक्सियुस सुरीन का 18 वर्षीय बेटा अर्पित स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता है। परिजनों के अनुसार वह 7 अगस्त को चेचक होने की बात कहते हुए विद्यालय में छुट्टी का आवेदन देकर घर जाने के लिए निकला था, लेकिन न तो घर पहुंचा और न ही वापस स्कूल लौटा.


स्कूल से छुट्टी लेने की जानकारी अर्पित के दोस्तों ने परिजनों को दी। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। छात्र का पता नहीं चलने पर परिजनों ने गुमला सदर थाना में आवेदन देकर उसके लापता होने की सूचना दी और उसे जल्द खोजने की गुहार लगाई।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्र की तलाश जारी है। 12 दिनों से अर्पित का कोई पता नहीं चलने के कारण परिवार काफी परेशान है।


