झारखंड का पहला ग्रेन एटीएम तैयार, अंगूठा लगाते ही मशीन से मिलेगा राशन

जमशेदपुर : राशन कार्डधारकों को अब अनाज लेने के लिए डीलर की दुकान पर लंबी कतार में खड़े रहने से राहत मिल सकती है। खासमहल स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में झारखंड का पहला ग्रेन एटीएम (अन्नपूर्ति एटीएम) स्थापित किया गया है। शुक्रवार को तकनीकी विशेषज्ञों की मौजूदगी में मशीन से अनाज निकालने और उसके वजन की जांच का सफल ट्रायल हुआ। तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुर्गा पूजा के बाद इसका उद्घाटन करने की तैयारी है। दिल्ली से आई तकनीकी टीम के सदस्य आलोक कुमार ने बताया कि यह राज्य का पहला डिजिटल और स्वचालित ग्रेन एटीएम है। फिलहाल मशीन से निकलने वाले अनाज की मात्रा और वजन की नियमित जांच की जा रही है।
ग्रेन एटीएम से राशन लेने के लिए लाभुकों को मशीन में अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाकर पहचान सत्यापित करनी होगी। सत्यापन के बाद टच स्क्रीन पर गेहूं या चावल का विकल्प चुनते ही निर्धारित मात्रा में अनाज सीधे लाभुक के बोरे में गिर जाएगा। पूरी प्रक्रिया में करीब 10 से 15 मिनट लगेंगे। जिले के किसी भी क्षेत्र के पात्र राशन कार्डधारक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। मशीन की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था होगी। बिजली कटौती से निपटने के लिए बैकअप की तैयारी भी की जा रही है। शुरुआती दिनों में लाभुकों की सहायता के लिए ऑपरेटर मौजूद रहेंगे।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। भारत सरकार की पहल पर देशभर में ऐसी करीब 32 मशीनें लगाई गई हैं। जमशेदपुर के बाद रांची, धनबाद सहित झारखंड के अन्य जिलों में भी ग्रेन एटीएम स्थापित करने की योजना है। इसके उद्घाटन की तैयारी खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और पोटका विधायक संजीव सरदार की मौजूदगी में की जा रही है। इस व्यवस्था से हजारों राशन कार्डधारकों को सुविधा मिलने, डीलरों की मनमानी और बिचौलियों की भूमिका कम होने तथा खाद्यान्न की कालाबाजारी पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।




