बीडीओ की पहल पर सुलझा 12 साल पुराना जमीन विवाद, खुद हल चलाकर कराई खेती की शुरुआत

मझिआंव (गढ़वा) : बरडीहा प्रखंड के बरछाबांध गांव में चौधरी परिवार के पांच भाइयों के बीच 20 एकड़ जमीन को लेकर 12 साल से चल रहा विवाद आपसी सहमति से खत्म हो गया। बीडीओ सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की पहल पर शुक्रवार को परिवार के सदस्यों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। अगले दिन शनिवार को बीडीओ अपने आवास से करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ बैठक के बाद खेत गए।


खेत में तीन जोड़ी बैल और हल तैयार थे। महिलाओं ने नारियल फोड़कर पूजा की और हल चलते ही पारंपरिक लोकगीत गाए। बीडीओ ने खुद भी हल चलाकर खेती की शुरुआत की। महिलाओं ने कहा कि आज उनका 12 साल का वनवास खत्म हुआ।
प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि किसान आपसी मुकदमों में लाखों रुपये खर्च कर देते हैं, जबकि कई विवाद बातचीत और ग्राम सभा से सुलझ सकते हैं। मौके पर जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश, उप प्रमुख सतेंद्र पासवान, पंचायत समिति सदस्य रत्नेश कुमार, विधायक प्रतिनिधि विनोद रजवार, वार्ड सदस्य स्नेही ठाकुर, समाजसेवी पुष्प रंजन, परिवार के सदस्य और करीब 200 से 250 ग्रामीण मौजूद थे।


