ड्रेस व फीस विवाद पर NSU प्रबंधन ने तोड़ी चुप्पी, छात्र ने खुद दिया था रजिस्ट्रेशन कैंसल करने का आवेदन, बैंक डिटेल्स मिलते ही 24 घंटे में होगा रिफंड

जमशेदपुर – नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी (NSU) परिसर में पिछले कुछ दिनों से ड्रेस, फीस और एक छात्र के पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) को लेकर चल रहे विवाद पर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने अपना आधिकारिक पक्ष रखा है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि संस्थान की सभी प्रशासनिक और शैक्षणिक प्रक्रियाएं पूरी तरह पारदर्शी हैं और नियमों के दायरे में रहकर ही संचालित की जाती हैं। विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, बी.ए. राजनीति विज्ञान (सत्र 2026-29) के छात्र राजवीर सिंह ने स्वयं पाठ्यक्रम छोड़ने और अपना नामांकन/रजिस्ट्रेशन रद्द (कैंसल) करने के लिए संस्थान को लिखित आवेदन सौंपा था। प्रबंधन का कहना है कि छात्र के इसी अनुरोध और लिखित आवेदन के आधार पर ही आगे की प्रक्रिया पूरी की गई थी। विश्वविद्यालय ने इस आवेदन की प्रति और संबंधित दस्तावेज जांच के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय को भी सौंप दिए हैं। इससे पहले फीस और रिफंड को लेकर उठे सवालों पर प्रबंधन ने दोहराया कि शुल्क वापसी की प्रक्रिया तय नियमों के तहत ही की जाती है।


विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि 24 घंटे के भीतर रिफंड की बात कही गई थी, लेकिन वित्तीय लेन-देन सीधे बैंक ट्रांसफर के जरिए होने के कारण अभिभावकों से बैंक खाता का डिटेल्स मांगा गया था। लेकिन अभिभावकों द्वारा मौके पर नकद भुगतान की मांग की जा रही थी, जिसे शैक्षणिक और सरकारी वित्तीय प्रोटोकॉल के तहत पूरा करना संभव नहीं था। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा है कि पंजीकरण और फीस से जुड़ी सभी कार्रवाई उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार की गई है, जिसे केवल एकतरफा आरोपों के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए। प्रबंधन ने दोहराया कि संस्थान किसी भी निष्पक्ष जांच का सामना करने और सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही, परिसर में शांति और शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए सभी पक्षों से सहयोग की अपील की गई है।


