झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, 10 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट

रांची : झारखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने 18 जुलाई को राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में 17 से 20 जुलाई तक कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 18 जुलाई को विशेष रूप से कुछ जिलों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी संभावना है।


मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार 17 जुलाई को खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला-खरसांवा में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है. जबकि अन्य जिलों में आकाश में बादल छाये रहेंगे व कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. 18 जुलाई को रांची सहित 10 जिलों लातेहार, चतरा, गुमला, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, लोहरदगा में भारी बारिश व वज्रपात की चेतावनी दी गयी है. मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 20 जुलाई तक बादल छाये रहने, गर्जन, वज्रपात व तेज गति से हवा चलने की संभावना व्यक्त की है.


