जय जगन्नाथ के नारों से गुंजा रेलवे कॉलोनी का शिव मंदिर, आस्था और विश्वास के साथ निकली प्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा, हजारों भक्त हुए शामिल

Saraikela :जय जगन्नाथ के नारों से गुरुवार की शाम रेलवे कॉलोनी का शिव मंदिर गूंज रहा था. मौका था भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथयात्रा के माध्यम से मौसी बाड़ी जाने का. फूलों और रंग बिरंगे वस्त्रों से सजे रथ पर सवार होकर प्रभु जगन्नाथ अपने भाई बहन के साथ निकले थे. इस दौरान आदित्यपुर वासियों का आस्था और विश्वास देखते ही बन रहा था. इससे पूर्व सुबह से ही मंदिर में पूरे विधि विधान से भगवान की पूजा अर्चना हुई, दोपहर में भक्तों ने महाप्रसाद भी ग्रहण किया. शाम करीब छह बजे भगवान भाई बहन के साथ मौसी बाड़ी जाने को निकले, इस दौरान राजा की भूमिका में समाजसेवी विजय शंकर मिश्रा ने रथ के आगे झाड़ू लगाई और यजमान की भूमिका पीसी पात्रो ने निभाते हुए रथ के ऊपर से प्रसाद लुटाई. इस दौरान भजन मंडली के द्वारा लगातार राधे गोविंदा के नाम का कीर्तन किया जाता रहा. इस आयोजन को देखने आदित्यपुर के गणमान्य के अलावा हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्त जमा हुए थे, जो बाद में भगवान के रथ को रस्सी से खींचते हुए रथ की इच्छापूर स्थित देवी दुर्गा के मंदिर मौसी बाड़ी तक पहुंचाया. बता दें कि श्रीश्री जगन्नाथ रथ यात्रा मंदिर पूजा समिति रेलवे कॉलोनी आदित्यपुर के द्वारा हर साल रथ यात्रा धूमधाम से निकाली जाती है. जिसको लेकर यहां सुबह 09 बजे से पूजा, भोग प्रसादी दोपहर 12:30 बजे और रथ यात्रा शाम 06:00 बजे से आरंभ हुई. रथयात्रा शिव राम दुर्गा और साईं मंदिर रेलवे कॉलोनी आदित्यपुर से निकली जो रोड नंबर 32 होते हुए रोड नंबर 04 होते हुए इच्छापुर दुर्गा मंदिर मौसीबाड़ी तक गई. बता दें कि वापसी रथयात्रा दिनांक 24 जुलाई 2026 को इच्छापुर से रेलवे कॉलोनी आदित्यपुर-2 आएगी. इस रथ यात्रा को सफल बनाने में समाजसेवी विजय शंकर मिश्रा, अधिवक्ता ओम प्रकाश, सुरेश धारी, सतीश शर्मा, रेलवे के सेवानिवृत्त अधिकारी पीसी पात्रो, जे.पी शर्मा, मोहित कुमार, संतोष बेहरा, राजू मुखी, अभिषेक, कृष्ण प्रसाद, अशोक करवा, सुभाष करवा, रिंकी कुमारी, राहुल यादव, सचिन सोय, संजीत महतो, रामाशंकर, हितेश, मुकेश, अनीश, अंकित, रोशन, बजरंगी, सुमित सोय, अर्पित, राज मुखी आदि सक्रिय रूप से लगे हुए हैं.



