पेट्रोल की जगह गाड़ियों में भरा पानी, 20 वाहन बंद, गुस्साए लोगों का हंगामा


ग्रेटर नोएडा : सेक्टर पाई-1 स्थित एक पेट्रोल पंप पर बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां पेट्रोल की जगह पानी मिला ईंधन वाहनों में भर दिया गया। इसके बाद जैसे ही चालक पंप से आगे बढ़े, करीब 20 गाड़ियां कुछ ही दूरी पर अचानक बंद हो गईं, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

जब एक साथ कई वाहनों में खराबी आई तो चालकों को शक हुआ और जांच में सामने आया कि पेट्रोल में पानी मिला हुआ था। इससे नाराज लोगों ने पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा किया और नुकसान की भरपाई की मांग की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि टैंक में पानी पहुंचने के कारण यह समस्या हुई, संभवतः पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने या बारिश का पानी अंदर जाने से ऐसा हुआ। पुलिस और संबंधित विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कार्रवाई की बात कही है।


