दाईगुट्टू में गहराया जल संकट, 400 से 500 की आबादी परेशान; शाम की सप्लाई बंद


जमशेदपुर : मानगो के दाईगुट्टू इलाके में पेयजल संकट गहरा गया है। बड़ा हनुमान मंदिर से क्रॉस रोड नंबर एक तक कावेरी पथ के करीब 30 से 40 घरों में रहने वाली 400 से 500 की आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जवाहरनगर की 15 नंबर टंकी से इलाके में जलापूर्ति होती है, लेकिन शाम की सप्लाई पूरी तरह बंद है। सुबह 8 से 11 बजे के बीच पानी आता है, लेकिन प्रेशर इतना कम रहता है कि ऊपरी हिस्से के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता। ढलान के कारण निचले इलाके में पानी पहुंच रहा है, जबकि ऊंचाई पर रहने वालों को बिना मोटर के पानी मिलना मुश्किल हो गया है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि दाईगुट्टू के ऊपरी इलाके में पिछले 5-6 महीनों से कम प्रेशर की समस्या बनी हुई है। सुरेंद्र सिंह के अनुसार, बिना मोटर के एक बूंद पानी नहीं मिलता। बुद्धेश्वर प्रमाणिक ने बताया कि पहले लाइन शिव मंदिर के पास से जुड़ी थी, बाद में सुधार के लिए इसे मेन रोड से जोड़ा गया, लेकिन वॉल्व पूरा नहीं खुलने से स्थिति खराब हो गयी। गंगा देवी ने बताया कि सुबह प्रेशर नहीं रहने और शाम की सप्लाई बंद होने से घर और खाना बनाने समेत रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। केके सिंह ने ऊंचाई वाले घरों तक पानी नहीं पहुंचने की बात कही, जबकि अमित सिंह के अनुसार गर्मियों से यही स्थिति है और कई बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। सोनू पांडेय ने भी पूरे मोहल्ले के प्रभावित होने की बात कही।
स्थानीय लोगों ने मानगो नगर निगम से पानी का प्रेशर बढ़ाने और शाम की सप्लाई नियमित करने की मांग की है। अपर नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम जितेंद्र यादव ने बताया कि दाईगुट्टू में प्रभावित जलापूर्ति और कम प्रेशर की जानकारी मिली है। संबंधित जलापूर्ति शाखा और तकनीकी टीम को वितरण पाइपलाइन की जांच का निर्देश दिया गया है। उन्होंने तकनीकी खामी दूर कर पर्याप्त प्रेशर के साथ नियमित जलापूर्ति जल्द बहाल करने की बात कही।


