दुकानदारों ने भारी वाहनों का किया चक्का जाम, वार्ता के बाद मिली दो माह की मोहलत

जमशेदपुर : मनीफीट टीओपी चौक के पास वर्षों से दुकान लगाकर आजीविका चला रहे फुटपाथ सब्जी दुकानदारों को हटाने पहुंचे लोगों का दुकानदारों ने विरोध किया। सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता सह मजदूर नेता बंटी सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को हटाने की कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दुकानदारों के साथ सड़क जाम किये जाने से भारी वाहनों का आवागमन ठप हो गया और इलाके की यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

सड़क जाम और बढ़ते तनाव के बीच प्रशासन ने त्रिपक्षीय वार्ता बुलाई। इसमें कंपनी प्रबंधन की ओर से सुनील सिंह, बर्मामाइंस, टेल्को और गोविंदपुर थाना प्रभारी तथा दुकानदारों के प्रतिनिधि शामिल हुए। दुकानदारों की ओर से मजदूर नेता बंटी सिंह और आजसू नेता अप्पू तिवारी ने पक्ष रखा। वार्ता के बाद दुकानदारों को फिलहाल दो माह की मोहलत देने पर सहमति बनी। इस अवधि में उनके पुनर्वास के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तय करने पर चर्चा होगी।
बंटी सिंह के अनुसार, कंपनी प्रबंधन जेमको से मनीफीट मार्ग पर दुकान लगाने की बात कह रहा है, जबकि दुकानदार डीवीसी के पास उपयुक्त स्थान की मांग कर रहे हैं। स्थान चयन को लेकर दोनों पक्षों में गतिरोध बना हुआ है। उन्होंने कहा कि दो दिनों के भीतर दोबारा वार्ता होगी। उचित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन और जरूरत पड़ने पर कंपनी का मुख्य गेट जाम करने की चेतावनी दी गयी। प्रदर्शन और वार्ता के दौरान बंटी सिंह, अप्पू तिवारी, मुन्ना चौबे, चिंटू सिंह, हृतिक चौबे, सविता सिंह, लाडी सिंह, शांति देवी, पिंकी सिंह समेत सैकड़ों युवा, महिलाएं और दुकानदार मौजूद रहे।


