मामूली विवाद में वार्ड सदस्य पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई खूनखराबे की वारदात


बोकारो : जरीडीह थाना क्षेत्र के बांधडीह बस्ती में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। वार्ड नंबर-13 के सदस्य संजय साव पर चालक शशि वर्णवाल और उसके भाई ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में संजय साव के सिर में गंभीर चोट लगी। घायल हालत में उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

घायल संजय साव ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके भाई की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। गाड़ी चालक शशि वर्णवाल चला रहा था। लापरवाही को लेकर उसे आगे गाड़ी नहीं चलाने की बात कही गई थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि थोड़ी देर बाद शशि अपने भाई और अन्य लोगों के साथ पहुंचा और घर के पास चाकू से हमला कर दिया। संजय साव किसी तरह दौड़कर घर के अंदर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद जरीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घायल वार्ड सदस्य का इलाज जारी है।


