मिहिजाम लूटकांड का खुलासा, जमशेदपुर से तीन आरोपी गिरफ्तार; नाबालिग निरुद्ध

मिहिजाम : थाना क्षेत्र के कानगोई में शिवा पासी के घर हुई हथियारबंद लूटपाट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामले में जमशेदपुर से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और लूटे गये सोने-चांदी के आभूषण बरामद किये हैं। जांच में मिहिजाम के दो युवक जयराम और आर्यन की भूमिका भी सामने आयी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। बुधवार को जामताड़ा एसडीपीओ वसीम रजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।


एसडीपीओ ने बताया कि 12 नवंबर की रात हुई घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने जमशेदपुर में छापेमारी कर पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के जादूगोड़ा इचड़ा निवासी आतिश कोयरी (20), कान्हु भट्ठा निवासी प्रेम गोराई (35) और सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागु हातु गांव निवासी सोमू पात्रो (20) को गिरफ्तार किया। एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में आरोप है कि जयराम और आर्यन ने अधिक पैसे देने का प्रलोभन देकर जमशेदपुर के युवकों को इस वारदात में शामिल किया था। दोनों फिलहाल फरार हैं।
पुलिस ने परित्यक्त राजहंस फैक्ट्री की खाली जमीन में छिपाकर रखी गयी एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किये हैं। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, एक जोड़ी पायल, गले का हार और एक चेन भी जब्त की गयी है। पुलिस हथियारों के इस्तेमाल समेत घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। गौरतलब है कि 12 नवंबर की देर रात 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने कानगोई स्थित परित्यक्त राजहंस फैक्ट्री के पीछे की बस्ती में शिव कुमार पासी के घर धावा बोला था। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर शिवा पासी का हाथ जख्मी कर दिया था। इसके बाद गोलीबारी और बम विस्फोट कर नकदी और आभूषण लूट लिये थे।


