कचरा पावर प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, बोले- यहां नहीं होने देंगे निर्माण






जमशेदपुर : बालीगुमा मौजा के गोड़गोड़ा धर्मबांधा टोला (गाजाडीह) में प्रस्तावित कचरा पावर प्लांट के विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों ग्रामीण ग्रामसभा के बैनर तले मानगो अंचल कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मांग की कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में किसी भी हालत में प्लांट का निर्माण नहीं किया जाए। विरोध का नेतृत्व कर रहे विजय सोय ने कहा कि प्रस्तावित स्थल चारों ओर आबादी से घिरा है और प्लांट बनने से जहरीले धुएं तथा पेयजल प्रदूषण का खतरा पैदा हो सकता है। ग्रामीणों ने बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों के स्वास्थ्य पर इसके असर की आशंका भी जताई।

ग्रामीणों का कहना है कि हवा और पानी दूषित होने की स्थिति में क्षेत्र में गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और पर्यावरण की कीमत पर किसी विकास परियोजना को स्वीकार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्लॉट संख्या 4168 को लेकर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार यह जमीन वर्षों से सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ बच्चों के खेलकूद के लिए इस्तेमाल होती रही है।
विजय सोय ने बताया कि संबंधित जमीन को लेकर स्थानीय निवासी मोशो हांसदा का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद प्रशासन विवादित स्थल पर निर्माण शुरू कराने की कोशिश कर रहा है। ग्रामसभा ने प्रशासन से प्रस्तावित कचरा पावर प्लांट के निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।


