पेशी के दौरान फरार उमानंद पटेल ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

गढ़वा: भाई के साथ मारपीट के मामले में खरौंधी पुलिस द्वारा गिरफ्तार उमानंद पटेल ने शनिवार को श्री बंशीधर नगर सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण के बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उमानंद पटेल बुधवार को श्री बंशीधर नगर कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।


फरार होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ती दबिश के बीच शनिवार को उसने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
उमानंद पटेल को खरौंधी पुलिस ने उसके भाई के साथ मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया था। बुधवार को उसे कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था, लेकिन इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।


