पश्चिमी सिंहभूम कांग्रेस की बैठक में दो प्रस्ताव पारित, नियुक्तियों पर बनी सहमति

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की जिला राजनीतिक मामलों की समिति (डीपीएसी) की बैठक सोमवार देर शाम कांग्रेस भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जगन्नाथपुर विधायक और सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने की। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय सचिव सह झारखंड कांग्रेस के सह-प्रभारी भूपेन्द्र मरावी और जिला प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर मौजूद रहे। बैठक में सर्वसम्मति से दो संगठनात्मक प्रस्ताव पारित किए गए।


पहले प्रस्ताव में जिला राजनीतिक मामलों की समिति के रिक्त पदों पर योग्य, अनुभवी और सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन के निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार मनोनीत करने पर सहमति बनी। दूसरे प्रस्ताव के तहत जिले में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्षों व चेयरमैन की नियुक्ति जिला कांग्रेस अध्यक्ष की अनुशंसा और जिला संगठन की सहमति के आधार पर करने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में आवश्यक निर्णय के लिए प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को भेजा जाएगा।
बैठक में प्रदेश महासचिव संगठन सुनीत शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, चंद्रशेखर दास, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी, प्रदेश प्रतिनिधि अनुप्रिया सोय, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, रंजीत यादव, लक्ष्मण हासदा, दीनबंधु बोयपाई, सुभाष नाग, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय और शैली शैलेन्द्र सिंकु समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे। वक्ताओं ने संगठनात्मक नियुक्तियों में स्थानीय नेतृत्व की भागीदारी, बेहतर समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर जोर दिया।


