दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, विजेता खिलाड़ियों को मिला सम्मान

बोकारो : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर कसमार प्रखंड के मंजूरा सपाहीटांड मैदान में आयोजित दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हुआ। प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न उत्क्रमित उच्च विद्यालयों के अंडर-17 आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


समापन समारोह की मुख्य अतिथि कसमार प्रखंड प्रमुख नियोति कुमारी दे रहीं। उनके साथ शिक्षा विभाग के कई पदाधिकारी भी मौजूद थे। नियोति कुमारी ने कहा कि खेलो झारखंड जैसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने का सशक्त मंच हैं। एथलेटिक्स बालक वर्ग की 3000 मीटर, 1500 मीटर, 800 मीटर, 400 मीटर, 200 मीटर और 100 मीटर स्पर्धाओं में पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय कसमार, क्षेत्रनाथ प्लस टू उच्च विद्यालय हरनाद और उत्क्रमित उच्च विद्यालय केदला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल और रिले रेस जैसी स्पर्धाओं में भी अंडर-17 खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं और टीमों को प्रखंड प्रमुख नियोति कुमारी तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया।


