आफताब आलम हत्याकांड का खुलासा, हत्या की साजिश में शामिल महिला समेत दो गिरफ्तार



जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैरेज कॉलोनी निवासी आफताब आलम की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीना ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार महिला कुलसुम बीबी कुख्यात अपराधी मोहम्मद शाहरुख की पत्नी है, जबकि दूसरा आरोपी मोहम्मद समद है। दोनों कैरेज कॉलोनी के रहने वाले हैं और हत्या की साजिश रचने में शामिल थे। पुलिस ने वारदात से पहले रेकी के लिए इस्तेमाल की गई स्कूटी भी मोहम्मद समद के घर से बरामद कर ली है।

सिटी एसपी ने बताया कि 2 अगस्त की रात मोहम्मद भोंदू समेत छह युवक बाइक से घटनास्थल पर पहुंचे थे और आफताब आलम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। पुलिस ने घटनास्थल से 10 खोखा, एक जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जिसमें दो डीएसपी सहित कई थाना प्रभारियों को शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में अब तक कुल 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एसआईटी की टीम लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। सिटी एसपी ने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।


