बोड़ाम में दो दुकानों की छत काटकर बड़ी चोरी, आभूषण, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हुए चोर



बोड़ाम : थाना से करीब 500 मीटर दूर स्थित बोड़ाम बाजार में सोमवार देर रात चोरों ने ज्वेलरी दुकान की टीन और एस्बेस्टस की छत काटकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोर दुकान से 25 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पहचान छिपाने के लिए वे दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। मंगलवार सुबह व्यवसायी दीपक स्वर्णकार उर्फ डब्लू दुकान खोलने पहुंचे तो सामान बिखरा मिला, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।


इसी रात चोरों ने बारियादा गांव स्थित देव ऑनलाइन मोबाइल दुकान को भी निशाना बनाया। यहां भी एस्बेस्टस की छत काटकर दुकान में प्रवेश किया गया। दुकानदार देवेन महतो के अनुसार दुकान से 31 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, दो हेडफोन और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी हुआ है। दोनों दुकानदारों ने बोड़ाम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
घटना की जांच के लिए मंगलवार दोपहर जमशेदपुर से फॉरेंसिक टीम पहुंची। टीम ने ज्वेलरी और मोबाइल दुकान का निरीक्षण कर छत, दरवाजे, लॉकर, सीसीटीवी कैमरे और अन्य स्थानों से फिंगरप्रिंट जुटाए। जांच के दौरान बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार भी मौजूद रहे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने क्षेत्र के प्रमुख मोड़ों पर रात में चौकीदारों की तैनाती और गश्त बढ़ाने की मांग की है।


