संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस की बुकिंग शुरू होते ही बढ़ी मांग, सेकेंड एसी में टिकट आरएसी तक पहुंचे

जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन होकर जयपुर के खातीपुरा के लिए शुरू होने जा रही नई संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस (18061) को यात्रियों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है. 4 नवंबर से नियमित परिचालन शुरू होने वाली इस ट्रेन की बुकिंग खुलते ही सेकेंड एसी श्रेणी में टिकट आरएसी तक पहुंच गया है. हालांकि, स्लीपर, थर्ड एसी और थर्ड इकोनॉमी श्रेणी में सीटें उपलब्ध हैं. वहीं, 11 नवंबर की यात्रा के लिए स्लीपर और सेकेंड एसी में आरएसी तथा फर्स्ट एसी में वेटिंग लिस्ट शुरू हो गई है.

यह ट्रेन टाटानगर स्टेशन से शाम पौने छह बजे रवाना होगी. दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के अनुसार, संतरागाछी से खातीपुरा के बीच 1677 किलोमीटर की दूरी में ट्रेन का ठहराव 29 प्रमुख स्टेशनों पर होगा. खड़गपुर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डाल्टनगंज, गढ़वा, जपला, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, भभुआ, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, मिर्जापुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर, टूंडला, ईदगाह, आगरा, खरेली, मदनवार, महुआ रोड, बांदीकुई और दौसा के यात्रियों को इससे आवागमन का नया विकल्प मिलेगा. ट्रेन को लेकर बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है. वापसी में खातीपुरा से संतरागाछी के लिए ट्रेन 6 नवंबर को रवाना होगी.
शुक्रवार को आरक्षण प्रणाली में उपलब्ध सीटों के अनुसार, 4 नवंबर की यात्रा के लिए स्लीपर में 26, थर्ड इकोनॉमी में 41, थर्ड एसी में 77, सेकेंड एसी में 1 और फर्स्ट एसी में 1 सीट खाली थी. वहीं, 11 नवंबर के लिए स्लीपर में आरएसी-1, थर्ड इकोनॉमी में 37 और थर्ड एसी में 70 सीटें उपलब्ध थीं. सेकेंड एसी में आरएसी-1 और फर्स्ट एसी में वेटिंग लिस्ट 1 थी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में टाटानगर, रांची समेत झारखंड के अन्य स्टेशनों से सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग देखने को मिल सकती है.


