मधुपुर रेलखंड पर ट्रैक मरम्मत के चलते जसीडीह-अंडाल मेमू के 10 फेरे रद्द, कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव

जामताड़ा : पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में मथुरापुर और मधुपुर स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर ट्रैक की मरम्मत के लिए ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक 29 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक हर सोमवार और गुरुवार को रहेगा। इस अवधि में कुल 10 दिन, दोपहर 2:30 बजे से शाम 6 बजे तक, 210 मिनट का ब्लॉक होगा।


इसकी वजह से ट्रेन संख्या 63546 जसीडीह-अंडाल मेमू के 10 फेरे रद्द रहेंगे। ट्रेन संख्या 63509/63510 बर्द्धमान-झाझा-बर्द्धमान मेमू दोनों दिशाओं में 10-10 फेरों में मधुपुर तक ही चलेगी, और मधुपुर से ही वापसी करेगी।
ट्रेन संख्या 63564 जसीडीह-आसनसोल मेमू 29 अक्टूबर, 5 नवंबर, 12 नवंबर, 19 नवंबर और 26 नवंबर 2026 को 45 मिनट देरी से चलेगी। रेलवे ने यात्रियों से सफर से पहले ट्रेनों के परिचालन की जानकारी ले लेने की अपील की है।


