10 फीट के आम रास्ते पर बिल्डर के कब्जे का आरोप, बुजुर्ग महिला ने एसडीओ से लगाई न्याय की गुहार

आदित्यपुर : आदित्यपुर बस्ती की रहने वाली सावित्री देवी ने सरायकेला एसडीओ को आवेदन देकर बिल्डर सुखदेव महतो पर 10 फीट के आम रास्ते को निजी उपयोग में लेने और जमीन को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया है। यह शिकायत 26 अक्टूबर को दी गई है। सावित्री देवी के अनुसार, उन्होंने 2006 में करीब 10 डिसमिल जमीन खरीदी थी, और करीब 20 साल तक कोई परेशानी नहीं हुई। यह जमीन खाता संख्या 127(ओ), 20(एन) और प्लॉट संख्या 701(ओ), 1154(एन) से जुड़ी बताई गई है।

उनका आरोप है कि सुखदेव महतो ने आसपास की जमीन की खरीद-बिक्री के बाद से उन्हें परेशान करना शुरू किया, ताकि उनकी जमीन भी हासिल की जा सके। शिकायत के अनुसार, आने-जाने के लिए बने रास्ते की बाउंड्री हटाकर उसे निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। महिला का यह भी कहना है कि वहां बिजली विभाग का ट्रांसफॉर्मर लगा है, और जमीन के निजी उपयोग से बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
सावित्री देवी ने आवेदन के साथ जमीन से जुड़े 22 पन्नों के दस्तावेज सौंपने की बात कही है। उन्होंने दस्तावेजों की जांच, स्थल सत्यापन और जमीन की मापी कराने की मांग की है। बुजुर्ग होने का हवाला देते हुए उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से हैं, बिल्डर सुखदेव महतो का पक्ष अभी सामने नहीं आया है।


