सरकारी संस्थानों में चोरी का खुलासा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य समेत दो गिरफ्तार

पलामू : सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में चोरी की घटनाओं की जांच कर रही नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नामुदाग गांव निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश कुमार भुईयां और उसका साला अमोद भुईयां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों रात में सरकारी भवनों और स्कूलों को निशाना बनाते थे। पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर 30 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि अवधेश कुमार भुईयां के घर पर चोरी का सामान रखा है और उसे बेचने की तैयारी चल रही है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया।


पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने छतरपुर प्रखंड कार्यालय, छतरपुर विद्युत कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड कार्यालय, नामुदाग पंचायत सचिवालय, स्थानीय फोटो कॉपी दुकानों और नामुदाग हाई स्कूल को निशाना बनाने की बात बताई है। छापेमारी में 13 प्रिंटर, एक Acer लैपटॉप, एक Acer ऑल इन वन कंप्यूटर, एक Luminous बैटरी, एक Dell CPU, एक Lenovo CPU, एक Acer डेस्कटॉप मॉनिटर, Zebronics होम थिएटर, Rico दीवार घड़ी, दो इन्वर्टर मशीन, एक लेमिनेशन मशीन, दो माउस, एक लैपटॉप चार्जर, एक HP गैस सिलेंडर, एक मूविंग चेयर और तीन स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अवधेश कुमार भुईयां ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है और बताया कि वह अपने साले अमोद के साथ मिलकर रात में ब्लॉक कार्यालय, स्कूल, पंचायत भवन और दूसरे सरकारी कार्यालयों में घुसकर ताला तोड़ने के बाद कंप्यूटर, प्रिंटर, CPU, इन्वर्टर, बैटरी और अन्य सामान ले जाता था। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की दूसरी घटनाओं और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


