जुआ अड्डों पर पुलिस की छापेमारी, हिरासत में लिए गए जुआरी

बोकारो : कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को अवैध जुआ अड्डों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कथारा रेलवे कॉलोनी, कथारा चार नंबर, बांध बस्ती, भुरकुंडवा बस्ती और महली बांध में कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर जुआ खेल रहे लोगों को हिरासत में लिया और कड़ी हिदायत देने के बाद छोड़ दिया। वहीं, कई लोग पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले।


कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम ने बताया कि अवैध जुआ अड्डे चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जुए के खिलाफ छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार, इन इलाकों में दिन-रात जुआ खेले जाने की बात सामने आई है। जुए की लत के कारण कुछ लोगों के आर्थिक तंगी से जूझने और घर के जेवर तक बेचने की नौबत आने की बात भी सामने आई है। पुलिस की कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया।


