खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को मिट्टी जांच और कृषि योजनाओं की जानकारी

गोमिया : प्रखंड की चुटे पंचायत में खेत बचाओ अभियान के तहत किसान गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें किसानों को मिट्टी की जांच, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), किसान समृद्धि योजना, कुसुम योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम) बबलू सिंह ने बताया कि यह अभियान 22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रखंड की सभी पंचायतों में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य किसानों को मिट्टी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना है।

बबलू सिंह ने किसानों से मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इन तरीकों से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ फसल की गुणवत्ता और मानव स्वास्थ्य की रक्षा करने में मदद मिलती है। गोष्ठी में मिट्टी के नमूने एकत्र करने की सही विधि, मिट्टी जांच के महत्व और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में पूर्व मुखिया उपेंद्र महतो, किसान मित्र लता देवी, आशा देवी, यशोदा देवी, फुलेश्वरी देवी, रेखा देवी, गीता देवी, चिंतामणि महतो, डोमन महतो, महावीर महतो, द्वारका महतो और टुकन महतो सहित कई किसान उपस्थित थे।


