सरकारी अस्पतालों में डिजिटल सेवाओं को रफ्तार, 15 दिनों में ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और डिजिटल पेमेंट शुरू करने का निर्देश



झारखंड : राज्य के सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग डिजिटल सेवाओं को तेजी से लागू करने की तैयारी में है। सोमवार को अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने विभाग की डिजिटल व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन, ICU, HMIS, CCTV, डैशबोर्ड और HRIS समेत कई व्यवस्थाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। C-DAC के HMS सिस्टम को अपडेट करने का निर्देश दिया गया। अजय कुमार सिंह ने रिम्स जाकर वहां की डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने की भी बात कही। मरीजों को लंबी लाइन से राहत देने के लिए अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और डिजिटल पेमेंट की व्यवस्था शुरू करने का निर्देश दिया गया, ताकि मरीज घर से अपॉइंटमेंट ले सकें और अस्पताल पहुंचने के बाद भुगतान की प्रक्रिया भी आसान हो सके।


सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। BSNL को मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, CHC और PHC में Wi-Fi उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। PHC में इंटरनेट स्पीड 2 Mbps से बढ़ाकर 20 Mbps करने का लक्ष्य रखा गया है। BSNL के मुताबिक राज्य के 188 CHC में Wi-Fi शुरू हो चुका है। रामगढ़ के सभी PHC में 7 सितंबर तक 20 Mbps इंटरनेट शुरू करने का लक्ष्य है और बिजली की समस्या वाले स्थानों पर 48 घंटे तक बैकअप की तैयारी है। ग्रामीण इलाकों में दिल से जुड़ी बीमारी की तुरंत पहचान के लिए AI आधारित टेली-ECG मशीन लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक में मशीन का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों के मुताबिक इससे ECG रिपोर्ट कम समय में मिलेगी और मोबाइल फोन पर भी देखी जा सकेगी, जिससे गंभीर मरीजों के इलाज की शुरुआत में तेजी आने की उम्मीद है।
बैठक में HRIS व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। 104 पोर्टल के जरिए चल रहे HRIS के अलग-अलग मॉड्यूल और आगे की योजना पर जानकारी दी गई। अपर मुख्य सचिव ने NHM के संविदाकर्मियों के मानदेय भुगतान को HRIS में दर्ज करने और सत्यापित मासिक उपस्थिति से जोड़ने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया। बैठक में NHM अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव के अलावा C-DAC, BSNL, भारतीय स्टेट बैंक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


