जेटेट परीक्षा को लेकर मुख्य सचिव सख्त, 986 केंद्रों पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी अनिवार्य

रांची : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से 1 नवंबर को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 की तैयारियों की गुरुवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने समीक्षा की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में उन्होंने राज्य के सभी उपायुक्तों, वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा कदाचारमुक्त कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर (एसओपी) के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए.

मुख्य सचिव ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराने का निर्देश दिया. बैठक में स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह, जैक अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा, जैक सचिव सच्चिदानंद दिव्येंदु तिग्गा सहित विभिन्न जिलों के अधिकारी मौजूद थे.
परीक्षा में राज्यभर के करीब 5.65 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. इनमें प्राथमिक स्तर के 1,95,935 और उच्च प्राथमिक स्तर के 3,69,113 अभ्यर्थी हैं. परीक्षा के लिए कुल 986 केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें रांची के 101 केंद्रों पर लगभग 48,000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. इधर, कदाचार रोकने के लिए रांची एसडीओ कुमार रजत ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की है. यह प्रतिबंध सुबह साढ़े छह बजे से शाम साढ़े सात बजे तक प्रभावी रहेगा.


