छात्रों पर लाठीचार्ज से नाराज सुदेश महतो, बंद के समर्थन में बापू वाटिका में देंगे धरना

रांची :छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आजसू पार्टी ने भाजपा के झारखंड बंद को समर्थन दिया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो बंद के दौरान मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठेंगे।सुदेश महतो ने कहा कि लाठी के बल पर छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश लोकतंत्र का अपमान है। उनके मुताबिक युवाओं के भविष्य, रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा एवं नियुक्ति व्यवस्था से जुड़े सवालों का समाधान लाठी, आंसू गैस या वाटर कैनन से नहीं, बल्कि संवाद, संवेदनशीलता और जवाबदेही से होना चाहिए। आजसू ने लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई और आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक एवं सम्मानजनक बातचीत शुरू करने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि वह छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है।




