हॉस्टल में आठवीं की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, स्कूल निदेशक और सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार

साहिबगंज : जिले के एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में रहने वाली कक्षा आठ की छात्रा से कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म करने और धमकी देने के मामले में स्कूल निदेशक और सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार सुरक्षा गार्ड पर छात्रा को डराकर और धमकाकर सात से आठ बार कथित तौर पर दुष्कर्म करने का आरोप है। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। वहीं, स्कूल निदेशक पर मामले को दबाने का आरोप लगाया गया है।


परिजनों के अनुसार छात्रा की तबीयत बिगड़ने और पेट में तेज दर्द होने पर उसे चिकित्सक के पास ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद छात्रा ने परिवार को घटना की जानकारी दी। रंगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव के अनुसार प्राथमिकी में नामजद दोनों आरोपियों को एक अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया और शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। साहिबगंज के जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार के मुताबिक विभाग ने बृहस्पतिवार को अगले आदेश तक स्कूल बंद रखने और परिसर में संचालित छात्रावास को खाली कराने का निर्देश दिया है।


